प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित।
कासगंज: समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना के अंतर्गत जनपद कासगंज के इच्छुक छात्र-छात्राओं से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत नीट, जेईई, यूपीएससी, यूपीपीएससी, एनडीए, सीडीएस, एसएससी, बैंकिंग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क कराई जाएगी।
उपजिलाधिकारी/जिला समाज कल्याण अधिकारी शुशांत सांवरे ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपना पंजीकरण कर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। कोचिंग का संचालन श्री सुमन्त कुमार इंटर कॉलेज, नदरई गेट, कासगंज में किया जाएगा। आवेदन के लिए नीट एवं जेईई पाठ्यक्रम हेतु 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। वहीं यूपीएससी, यूपीपीएससी, एसएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्नातक, अंतिम वर्ष के छात्र अथवा निर्धारित योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए कार्यालय विकास भवन कक्ष संख्या-03 से संपर्क कर सकते हैं। संपर्क हेतु मोबाइल नंबर 9267945893 एवं 8433286521 जारी किए गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से योजना का लाभ उठाकर समय से आवेदन करने की अपील की है।
