।
कासगंज, 09 जुलाई। अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, कासगंज की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों सहित खाद्य कारोबारियों एवं औषधि विक्रेताओं ने प्रतिभाग किया।
बैठक में वर्ष 2025-26 तथा वर्ष 2026-27 (अप्रैल 2025 से जून 2026 तक) की विभागीय प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने विभिन्न पर्वों एवं त्योहारों के दौरान चलाए गए विशेष अभियान, खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रहण तथा जांच रिपोर्ट की जानकारी प्रस्तुत की।
अपर जिलाधिकारी ने विभागीय कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए जनपद में खाद्य सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही बिना लाइसेंस अथवा पंजीकरण के संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा फल एवं सब्जी मंडी के कारोबारियों का लाइसेंस/पंजीकरण शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
बैठक में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच, संदिग्ध एवं मिलावटी खाद्य सामग्री पर प्रभावी कार्रवाई तथा आवश्यक होने पर पुलिस विभाग का सहयोग लेकर संयुक्त अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल वैन के माध्यम से खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच लगातार की जा रही है तथा जनपद के विद्यालयों में वितरित होने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता की भी नियमित जांच कराई जा रही है।
