फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 फरवरी 2026 नगर के मोहल्ला सरदार खाँ, वार्ड संख्या-14 पटेल नगर में लगभग 20 फीट लंबाई की नाली टूट जाने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण उसका पानी सीधे सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि नाली गुलशन मास्टर साहब के मकान की ओर से टूटी हुई है और काफी समय से मरम्मत न होने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क पर फैले गंदे पानी से दुर्घटना की आशंका के साथ-साथ स्वच्छता संबंधी दिक्कतें भी पैदा हो रही हैं।
मोहल्ले के निवासी मुकेश कुमार, रामू शाक्य, विजय कुमार, अनुज शाक्य, घनश्याम शाक्य, प्रदीप शाक्य, संजीव शाक्य, नीरज यादव, राजेश कुमार, गुलशन धीर, तेज सिंह, श्यामू शाक्य सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका चेयरमैन को प्रार्थना-पत्र देकर नाली की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समस्या और गंभीर हो सकती है, इसलिए नगर पालिका प्रशासन से तत्काल मरम्मत कार्य कराए जाने की अपेक्षा की जा रही है।
