फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जनवरी 2026 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद फर्रुखाबाद के समस्त बूथों पर दिनांक 18 जनवरी 2026 (रविवार) को बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे और मतदाता सूची को पढ़कर सुनाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि सभी नियुक्त बीएलओ प्रातः 10:00 बजे से अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर संबंधित आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, चूक अथवा गलती पाए जाने पर उसके सुधार की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन अर्ह नागरिकों की आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और जिनके नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे प्रारूप-6 के माध्यम से नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7, प्रविष्टियों में शुद्धिकरण, स्थानांतरण एवं दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन हेतु प्रारूप-8 पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे बीएलओ एवं सुपरवाइजर के कार्यों का निरंतर पर्यवेक्षण करें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने नाम, पता, आयु आदि विवरणों की जांच अवश्य कर लें, ताकि आगामी चुनावों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
