फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जनवरी 2026 मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना मेरापुर, जनपद फर्रुखाबाद द्वारा छात्रों को जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें कानूनी अधिकारों एवं सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा छात्रों को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) आदि की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना भय के तुरंत पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें।
पुलिस टीम ने छात्रों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा अनजान व्यक्तियों से सावधान रहने के संबंध में भी जागरूक किया। छात्रों को आत्मरक्षा, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करते हुए कहा गया कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन ने पुलिस द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से छात्रों में जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण साबित हुआ।
