फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2026 कृषक समृद्धि आयोग, उत्तर प्रदेश के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री श्री कुलजीत सिंह ने सोमवार को जनपद भ्रमण के दौरान कृषि एवं उससे जुड़े विभागों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, सिंचाई, नलकूप एवं लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सचिव मंडी समिति सातनपुर, सहायक निदेशक मत्स्य, जिला उद्यान अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारी समितियां, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी तथा मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
श्री कुलजीत सिंह ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कृषक हितकारी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेश, फसल सुरक्षा तथा नवीनतम कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें अधिक लाभकारी और टिकाऊ कृषि के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
गौशाला से लेकर खाद बिक्री केंद्रों तक किया निरीक्षण
जनपद भ्रमण के दौरान राज्यमंत्री ने गौशाला का निरीक्षण किया और वहां भूसा, दाना तथा गौवंशों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने गौवंशों को गुड़ भी खिलाया। इसके बाद सहकारी समिति बरौन एवं फुटकर उर्वरक बिक्री केंद्र का निरीक्षण कर स्टॉक रजिस्टर तथा उर्वरक की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जाजपुर बंजारा कृषि फार्म में श्री कुलजीत सिंह ने वृक्षारोपण किया। उन्होंने राजकीय बीज गोदाम मोहम्मदाबाद तथा हाईटेक नर्सरी, कृषि विज्ञान परिसर का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने ठंडी सड़क स्थित राहुल खाद भंडार तथा श्री शक्ति खाद भंडार का निरीक्षण किया। दुकानों के अभिलेख पूर्ण नहीं पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने पर जोर
राज्यमंत्री श्री कुलजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय में वृद्धि, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कृषक समृद्धि आयोग का उद्देश्य किसानों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष रखना तथा उनके हित में आवश्यक सुझाव एवं नीतिगत पहल को बढ़ावा देना है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित कृषि एवं कृषक कल्याण योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
