फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेतृत्व में सोमवार, 24 अगस्त को ग्राम सभा बराकेशव में किसानों ने चकबंदी विभाग की कार्यप्रणाली और किसानों के साथ कथित अभद्रता के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने में पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।
धरना शुरू होने से पहले किसानों ने जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान “भारत माता की जय”, “बाबा महेंद्र सिंह टिकैत अमर रहें” और “जय जवान-जय किसान” जैसे नारे गूंजते रहे।
दोपहर बाद तेज बारिश शुरू हो गई, लेकिन बारिश के बावजूद किसान धरना स्थल से नहीं हटे। किसानों ने कहा कि उनकी मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान विभिन्न वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं और चकबंदी प्रक्रिया को लेकर अपनी बात रखी।
एक माह में दो मुकदमे दर्ज होने पर जताई नाराजगी
भाकियू टिकैत के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि जिला प्रशासन और चकबंदी विभाग द्वारा किसानों के साथ की जा रही कथित अनियमितता निंदनीय है। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर किसानों के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या जिला प्रशासन किसानों का दमन करना चाहता है।
उन्होंने चकबंदी विभाग के अधिकारियों से सवाल किया कि क्या खड़ी फसल को रौंदते हुए चकबंदी प्रक्रिया की पैमाइश की जाएगी? उन्होंने कहा कि किसान बड़ी मुश्किल से खाद और बीज की व्यवस्था करता है और मेहनत से फसल तैयार करता है। ऐसे में यदि तैयार फसल को ही नुकसान पहुंचाया जाएगा तो किसान इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।
तीन प्रमुख मांगों पर अड़े किसान
किसानों ने मांग की कि उनके खिलाफ दर्ज दोनों मुकदमे वापस लिए जाएं और चकबंदी प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके साथ ही औद्योगिक गलियारे के लिए प्रस्तावित भूमि को लिए जाने का भी विरोध किया गया।
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि इस बार किसान लिंक एक्सप्रेसवे की तरह औद्योगिक गलियारे के लिए जमीन का बैनामा करने नहीं जाएगा। उन्होंने प्रशासन से किसानों की मांगों पर तत्काल वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की।
धरने का संचालन जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किया, जबकि अध्यक्षता छविनाथ शाक्य ने की।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, ब्रजेश गंगवार, कृष्णगोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, अरविंद गंगवार, अनुज राजपूत, सुशील दीक्षित, बिजनेश यादव, सुग्रीव पाल, राजेश गंगवार, कश्मीर गंगवार, अनीस सिंह, सोनू सोमवंशी, रामप्रकाश पाल, शिवराम शाक्य, प्रदीप यादव, बड़े यादव, अजीत सिंह, टिंकू यादव, आनेन्द्र गंगवार, सतीश कठेरिया, अंकेश गंगवार, रेहान खान सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
किसानों ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
