फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जुलाई 2026 अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी की बजाज पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान ताजपुर जाने वाले मार्ग पर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को रोककर पूछताछ की गई। बाइक के संबंध में संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 3 जुलाई 2026 की सुबह जनपद मैनपुरी के थाना बेवर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की थी।
ई-चालान ऐप के माध्यम से वाहन की जानकारी जुटाने पर बाइक के वास्तविक स्वामी का पता चला। वाहन स्वामी ने पुलिस को बताया कि उनकी मोटरसाइकिल 3 जुलाई को घर के बाहर से चोरी हो गई थी, जिसकी सूचना उन्होंने थाना बेवर में दर्ज करा दी थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हैप्पी कुमार पुत्र रामकिसन, निवासी सुनाम, जनपद संगरूर (पंजाब) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने एक दोस्त की शादी में खिमसेपुर आया था। घूमते-घूमते बेवर पहुंच गया, जहां उसने तड़के करीब तीन बजे काजी टोला क्षेत्र से पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर ली। इसके बाद वह बाइक लेकर फर्रुखाबाद के रास्ते अपने घर लौट रहा था, तभी मोहम्मदाबाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मु.अ.सं. 220/2026 के तहत धारा 317(2) बीएनएस तथा 35(1)/106(1) बीएनएसएस में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों से भी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक हरीश कुमार, कांस्टेबल शेखर कटारिया, वीरेन्द्र कुमार तथा मोहित की टीम ने अंजाम दिया।
