फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जुलाई 2026 शासन के निर्देशानुसार जनपद में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ तथा उर्वरक वितरण केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार होगी।
जनपद प्रशासन द्वारा प्रत्येक राजस्व ग्राम में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने के लिए विभिन्न विभागों के कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में 3 जुलाई 2026 को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 25 जून से 2 जुलाई 2026 के बीच कार्य प्रगति का मूल्यांकन किया गया। समीक्षा में पाया गया कि 215 पंचायत सहायकों, 41 पंचायत सचिवों, 35 ग्राम रोजगार सेवकों तथा 61 लेखपालों ने इस अवधि में एक भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बनाई।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लापरवाही बरतने वाले इन कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने के भी निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मचारियों से अभियान को गंभीरता से लेते हुए अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने और शासन के लक्ष्य को समय पर पूरा करने का आह्वान किया है।
