फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जुलाई 2026 थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर घाट में शुक्रवार रात एक छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार पर भारी पड़ गई। खाना बनाते समय अनजाने में तुरई की सब्जी में छिपकली गिर जाने से उसे खाने वाले परिवार के करीब आधा दर्जन सदस्य बीमार हो गए। सभी को एंबुलेंस की मदद से डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिवार की सदस्य सीमा ने बताया कि उन्होंने चूल्हे पर पूरे परिवार के लिए तुरई की सब्जी बनाई थी। इसके बाद वह रोटी बनाने में व्यस्त हो गईं। इसी दौरान सब्जी में छिपकली गिर गई, लेकिन किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। परिवार के सभी लोगों ने उसी सब्जी के साथ भोजन कर लिया। बाद में जब बर्तन में छिपकली दिखाई दी तो सभी के होश उड़ गए।
भोजन करने के कुछ समय बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद 50 वर्षीय राजेंद्र समेत तीन वर्षीय आर्यन सहित परिवार के अन्य सदस्यों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।
राजेंद्र ने बताया कि छिपकली गिरी हुई सब्जी खाने के कारण परिवार के लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके चलते सभी को अस्पताल लाना पड़ा।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर दीपक तिवारी ने बताया कि सभी मरीजों का तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया। फिलहाल सभी की हालत सामान्य है और उन्हें वार्ड में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है।
डॉक्टरों ने लोगों से भोजन बनाते और परोसते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
