फर्रुखाबाद:हत्या के आरोपी से कमालगंज पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2026 थाना कमालगंज क्षेत्र में हत्या के एक चर्चित मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी वीनेश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कमालगंज भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना कमालगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ग्राम कल्लू नगला निवासी अवधेश और वीनेश पुत्रगण रामभरोसे ने उसके पुत्र सोनेलाल की हत्या कर शव को रास्ते में फेंक दिया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।

वादी की तहरीर के आधार पर थाना कमालगंज में मु0अ0सं0 200/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने पर वांछित आरोपी वीनेश को पकड़ने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध हथियार की बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले के दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और हत्या के प्रकरण में आगे की जांच एवं विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment