बरेली। आंवला तहसील क्षेत्र के ग्राम हरदासपुर निवासी 66 वर्षीय किसान छोटे लाल पुत्र स्वर्गीय खेमेंकरन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली को शिकायती पत्र देकर अपनी कृषि भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम हरदासपुर स्थित गाटा संख्या-162 रकबा 0.392 हेक्टेयर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा दबंगई के बल पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त भूमि से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख उसके पास मौजूद हैं तथा भूमि विवाद का वाद सिविल न्यायालय (जूनियर डिवीजन) आंवला में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष निर्माण कार्य बंद नहीं कर रहा है।
छोटे लाल ने आरोप लगाया कि 6 जुलाई 2026 को जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया तो विपक्षी पक्ष ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना डायल 112 और थाना सिरौली पुलिस को भी दी गई, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में भी निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे उन्हें अपनी जान-माल का खतरा बना हुआ है।
पीड़ित किसान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा अवैध निर्माण रुकवाने की मांग की है।

