फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जनवरी 2026 आगामी गणतंत्र दिवस के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद के नेतृत्व में कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस, एएस (AS) चेक टीम एवं डॉग स्क्वाड द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की गई। डॉग स्क्वाड की सहायता से भी सुरक्षा मानकों के अनुसार तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस टीम द्वारा आमजन से संवाद करते हुए उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा अपील की गई कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जन सहयोग से ही शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद में सतर्कता एवं निगरानी लगातार बनाए रखी जाएगी, ताकि समारोह शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
