फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 11 सितंबर 2026 जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद अधिकारियों ने अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं चेक वितरित किए गए। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रभारी मंत्री को टेक्सटाइल चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लाभ शीघ्र आमजन को मिलना चाहिए और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से अभियान में अधिक से अधिक जनसामान्य की भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
शीर्ष 10 जिलों में नाम आने पर प्रशासन की सराहना
बैठक में विकास कार्यों की प्रगति के मामले में प्रदेश के शीर्ष 10 जनपदों की सूची में फर्रुखाबाद का नाम शामिल होने पर प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने अधिकारियों से विकास की इस गति को आगे भी बनाए रखने का आह्वान किया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जनपद में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ राहत कार्य में लगे क्षेत्रीय अधिकारियों के मोबाइल नंबर संबंधित मजरों में भी साझा किए जाएं, जिससे जरूरतमंद लोग आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क कर सकें।
उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी प्रशासन को सतत निगरानी रखनी होगी। संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए पहले से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।
बच्चों के टीकाकरण और कृमिनाशक अभियान पर जोर
प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ विकासखंड स्तर पर अभियान चलाकर बच्चों को कृमिनाशक दवाएं उपलब्ध कराने तथा टीकाकरण से आच्छादित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करने और किसी भी प्रकार की बीमारी फैलने की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत प्रशासक मोनिका यादव, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
