फर्रुखाबाद:ग्राम चौपाल में निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर, 112 ग्रामीणों ने कराया उपचार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 11 सितंबर 2026 जनपद के राजेपुर विकासखंड की ग्राम सभा सीढ़ेचकरपुर में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपाल के अवसर पर आयुष विभाग के राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय कढ़हार द्वारा निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों को निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। शिविर में कुल 112 ग्रामवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिसमें 62 पुरुष एवं 50 महिलाएं शामिल रहीं।

शिविर के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी ने ग्रामीणों को नियमित रूप से व्यक्तिगत एवं पारिवेशिक स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने ताजा एवं पौष्टिक स्थानीय भोजन के सेवन को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताते हुए ग्रामीणों को संतुलित खान-पान के प्रति जागरूक किया।

बाढ़ के समय उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए ग्रामीणों को विशेष रूप से पेट के रोगों, चर्म रोगों तथा सर्पदंश से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। चिकित्साधिकारी ने बताया कि बाढ़ के दौरान स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और भोजन की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।

इसके साथ ही उपस्थित ग्रामीणों, मरीजों एवं उनके परिजनों को आयुष औषधियों से स्वास्थ्य लाभ के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। स्वास्थ्य संवर्धन एवं रोगों से बचाव को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए आवश्यक सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मौसमी एवं बाढ़ जनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Comment