फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 11 सितंबर 2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री एवं जनपद प्रवासी प्रशांत राव चौबे ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा साझा की। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेचंद वर्मा ने की।
बैठक में क्षेत्रीय मंत्री प्रशांत राव चौबे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह के दौरान जनपद में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों को सफल बनाने में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल प्रभारी तथा कार्यक्रमों के मंडल संयोजक एवं सह-संयोजक सहित भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने पर जोर
क्षेत्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में भाजपा कार्यकर्ताओं को सेवा एवं जनकल्याणकारी अभियानों को धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और लगातार तीसरी बार देश की बागडोर संभालते हुए भारत को मजबूत एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में कार्य किया है।
चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन से प्रारंभ होने वाले एक माह के कार्यक्रमों को भाजपा कार्यकर्ता उत्सव के रूप में मनाएंगे और सेवा, जनकल्याण तथा राष्ट्रसेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक लगभग 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा में नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि शासन और संगठन के समन्वय से जनपद के सभी क्षेत्रों में कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटेगी भाजपा
क्षेत्रीय मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों के बाद भाजपा कार्यकर्ता आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार को पुनः प्रचंड बहुमत के साथ बनाने के संकल्प के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
फतेहगढ़ मंडल की बैठक में भी बनाई रणनीति
क्षेत्रीय मंत्री प्रशांत राव चौबे ने राजीव पाठक के फतेहगढ़ स्थित आवास पर फतेहगढ़ मंडल की बैठक भी ली। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रामला राठौर ने की। यहां भी उन्होंने 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी और कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, गोपाल राठौर एवं हिमांशु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे एवं बीरेंद्र कठेरिया, जिला मंत्री शिवमोहन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, पंकज पाल, प्रतिभा राजपूत, किरण सिंह, अश्नील दिवाकर, सर्वेश कुशवाह, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
