फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अगस्त 2026 जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने तहसील अमृतपुर के विकासखंड राजेपुर अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम अल्हादपुर भटौली, फकरपुर, कोदरी सारंगपुर और करनपुर घाट सहित रामगंगा नदी क्षेत्र का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, प्रभावित परिवारों की संख्या, आवागमन, पेयजल, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा राहत सामग्री के वितरण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीमें लगातार भ्रमणशील रहें और ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करें।
राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रभावित लोगों को आवश्यकता के अनुसार खाद्यान्न, पेयजल, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए। नदी के जलस्तर और संभावित रूप से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों की नियमित जानकारी प्राप्त कर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं।
ग्रामीणों से संवाद कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
डीएम ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में नाव, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बाढ़ से फसल नष्ट होने पर बीमा योजना का लाभ दिलाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बाढ़ से प्रभावित किसानों की स्थिति का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान क्रेडिट कार्ड धारक ऐसे किसानों, जिनकी फसल बाढ़ के पानी से नष्ट हुई है, का चिन्हांकन किया जाए। पात्र किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रामगंगा नदी के जलस्तर पर प्रशासन की नजर
जिलाधिकारी ने रामगंगा नदी के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतते हुए जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जाएंगे।
