फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जुलाई 2026 जनपद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान चंदा उर्फ चाँद मियां के रूप में हुई है, जो गोवध अधिनियम के मामले में वांछित था और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल की बरामदगी के लिए उसकी निशानदेही पर थाना क्षेत्र के मीरपुर से कलाखेल जाने वाले खड़ंजा मार्ग के समीप जंगल में ले जाया गया था। इसी दौरान अभियुक्त पुलिस अभिरक्षा से छूटकर भाग निकला और झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखे अवैध .315 बोर तमंचे से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज भेजा गया।
घटनास्थल पर पहुंची जनपदीय फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही और कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बांका तथा एक छुरी (घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल) बरामद की है।
पुलिस ने मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में कोतवाली कायमगंज में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
