लखनऊ। सम्यक पार्टी उत्तर प्रदेश के जिला अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों, संगठन विस्तार तथा बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष तपेन्द्र प्रसाद शाक्य, राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ए. के. सिंह, राष्ट्रीय सचिव सह उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी मनोहर बौद्ध, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सत्य प्रकाश मौर्य तथा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष जवाहर लाल सहित प्रदेश के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सीतापुर, झांसी, फिरोजाबाद, इटावा, बलरामपुर सहित उत्तर प्रदेश के अधिकांश जनपदों के जिला अध्यक्षों ने भाग लिया। सभी जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों की संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों तथा आगामी चुनावी तैयारियों की जानकारी साझा की।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी नेतृत्व ने कहा कि जिला अध्यक्षों का यह मंच उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के बीच वैचारिक समन्वय, संवाद और अनुभवों के आदान-प्रदान के उद्देश्य से बनाया गया है, ताकि सम्यक पार्टी का संगठन पूरे भारत में मजबूत किया जा सके। मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए प्रत्येक जिले में संगठन विस्तार, सक्रिय कार्यकर्ता निर्माण तथा जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।
पार्टी नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे जनता को पूर्ण लोकतांत्रिक पार्टी का विकल्प देने और समतामूलक समाज के निर्माण के लक्ष्य के साथ एकजुट होकर कार्य करें और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में मजबूत रणनीति के साथ मैदान में उतरें।
