फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24न्यूज) 09 सितंबर 2026 फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर सीडीओ सख्त, अधिकारियों को मिला अंतिम अवसर
फर्रुखाबाद। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। जनपद में फैमिली आईडी, जीरो पावर्टी, फार्मर रजिस्ट्री और वीवीजीरामजी (पूर्व मनरेगा) योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
फैमिली आईडी में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस
उत्तर प्रदेश सरकार की “फैमिली आईडी—एक परिवार, एक पहचान” योजना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनपद फर्रुखाबाद में निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन, आवेदनों का सत्यापन एवं निस्तारण की अपेक्षित प्रगति न होने पर समस्त खंड विकास अधिकारियों को मुख्य विकास अधिकारी की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
अधिकारियों को प्रगति में सुधार के लिए सात दिवस का अंतिम अवसर दिया गया है। निर्धारित अवधि में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जीरो पावर्टी के पात्र परिवारों को आवास में प्राथमिकता
जीरो पावर्टी के तहत शासन के निर्देशों के अनुसार ऐसे लाभार्थी, जिनका नाम जीरो पावर्टी की सूची के “4.3 ग्रामीण आवास हेतु पात्र” श्रेणी में दर्ज है, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के वर्ष 2024 के सर्वे के आधार पर तैयार स्थाई पात्रता सूची में उनका नाम शामिल नहीं है, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के दिशा-निर्देशों के तहत पात्र पाए जाने पर प्राथमिकता के आधार पर आवास आवंटित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को इस कार्य को दो दिवस के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति सुधारने के निर्देश
जनपद में लाभार्थीपरक योजनाओं के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री का कार्य भी अपेक्षित गति से नहीं चलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित सभी खंड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कार्य में सुधार के लिए अधिकारियों को सात दिवस का अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। इसके बाद भी प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 10 कार्य शुरू कराने के निर्देश
वीवीजीरामजी (पूर्व मनरेगा) योजना के तहत सभी ग्राम पंचायतों में कार्य प्रारंभ न होने की स्थिति पर भी मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सभी कार्यक्रम अधिकारियों एवं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 10 कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।
इन कार्यों में चक रोड, तालाब, खेल मैदान सहित ग्रामीण विकास से जुड़े अन्य कार्य शामिल हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि योजनाओं की प्रगति में तेजी लाते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
