फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 फरवरी 2026 रविवार को भारत सरकार द्वारा केंद्रीय बजट 2026 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय संसद में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जनपद भाजपा फर्रुखाबाद द्वारा बजट पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन आवास विकास स्थित माधव मैक्स अस्पताल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की।
कार्यक्रम में भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण मोहन पांडे, जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे सहित जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने लाइव स्क्रीन के माध्यम से केंद्रीय बजट कार्यक्रम को देखा।
बजट कार्यक्रम के उपरांत भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण मोहन पांडे ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार एक महिला के रूप में अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए 9वां केंद्रीय बजट प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह बजट पूर्ण रूप से जनकल्याणकारी है, जिसमें गांव, गरीब, किसान, नौजवान, व्यापारी, दलित एवं महिलाओं सहित समाज के हर वर्ग के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार संगठन के माध्यम से प्रत्येक मंडल एवं विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस की उपस्थिति में बजट कार्यक्रम को देखा गया तथा इसके बाद विस्तृत चर्चा की गई। यह बजट देश को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
सरकार का फोकस डिफेंस सेक्टर, किसानों की आय, क्रिटिकल मिनरल्स, डाटा सेंटर, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और समग्र अर्थव्यवस्था पर केंद्रित है। वैश्विक तनाव और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच मिडिल क्लास, उद्योगों, स्टार्टअप्स और निवेशकों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं प्रदान की गई हैं। बुनियादी ढांचे के विकास, आसान नियमों, कम लागत, टैक्स राहत और निर्यात शुल्क में छूट जैसे कदम बजट की विशेषताएं हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए छोटे उद्योगों को बढ़ावा दिया गया है।
जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि वर्ष 2014 से केंद्र की भाजपा सरकार भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। 2014 से पहले और वर्तमान भारत की स्थिति में बड़ा अंतर है। आज भारत वैश्विक पटल पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है। विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार करने के लिए बजट 2026 में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि पूरे जनपद में प्रत्येक बूथ, शक्ति केंद्र, विधानसभा एवं मंडलों में कार्यकर्ताओं ने बजट कार्यक्रम को देखा है। इसके उपरांत कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार के जनहितकारी निर्णयों की जानकारी देंगे और आम जनमानस से संवाद के माध्यम से बजट की विशेषताओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक जितेंद्र सिंह, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला महामंत्री जीएस राठौर, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित, जिला मंत्री रश्मि दुबे, जिला मंत्री धर्मेंद्र राजपूत, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया, संजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष अशनील दिवाकर, रजनीश मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
