फर्रुखाबाद:शीतलहर के बीच जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन पर जरूरतमंदों को बांटे कंबल

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जनवरी 2026 जनपद में पड़ रही कड़ाके की शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मानवीय पहल करते हुए रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद पर निराश्रित, गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल वितरित किए। यह कंबल वितरण कार्यक्रम रेडक्रॉस सोसायटी फर्रुखाबाद के सौजन्य से आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शीतलहर के दौरान खुले में रहने वाले लोगों को ठंड से बचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से जरूरतमंदों को समय पर राहत पहुंचाई जा सकती है।

कंबल वितरण के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद निराश्रित एवं असहाय व्यक्तियों को प्राथमिकता दी गई, जिससे उन्हें ठंड से बचाव में सहायता मिल सके। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर को देखते हुए जनपद के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी जरूरतमंदों की पहचान कर राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण असुविधा का शिकार न हो।