लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी का भाषण सुना ही नहीं, क्योंकि उनके पास उसे सुनने का समय नहीं है। फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी के भाषणों में कभी कोई ठोस बात नहीं होती। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार पर सवाल उठाना है, लेकिन केवल आरोप लगाने से देश के युवाओं का भला नहीं होगा। उनके मुताबिक, युवाओं के हित में ठोस सुझाव और समाधान भी सामने आने चाहिए।
फडणवीस ने कहा कि जब भी विपक्ष का कोई नेता बोलता है, तो वह आरोप जरूर लगाता है। अगर कहीं कोई कमी है तो उस पर बोलना और सुझाव देना विपक्ष का अधिकार है। लेकिन उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी ने देश के युवाओं के बारे में सकारात्मक क्या कहा। उन्होंने पूछा कि युवाओं के कल्याण के लिए उन्होंने कौन-सा समाधान दिया और ऐसा कौन-सा प्रस्ताव रखा, जिससे वास्तव में युवाओं का भला हो सके। फडणवीस ने कहा कि पूरे दिन केवल झूठ बोलने और आरोप लगाने से कोई नतीजा नहीं निकलेगा।
