शोभा डे ने सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल के दौरान सलमान खान के सोशल मीडिया पोस्ट का मजाक उड़ाते हुए उसे ‘क्रिंज’ बताया।
शोभा डे ने यह बात अपने लेख में कही, जो दप्रिंट में प्रकाशित हुआ है। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड के बड़े सितारे इस मुद्दे को समझ नहीं पाए और जेन जी की सोच से काफी दूर नजर आए। उन्होंने खास तौर पर कंगना रनौत, हेमा मालिनी और अनुपम खेर के बयानों पर भी सवाल उठाए। सलमान खान के पोस्ट पर तंज कसते हुए उन्होंने लिखा, ‘सलमान खान ने सोनम वांगचुक को ‘ब्रो’ कहकर संबोधित किया और उन्हें घर का खाना भेजने की बात कही ताकि वे अपना अनशन तोड़ दें। इस पर लोगों ने तारीफ नहीं, बल्कि मजाक उड़ाया। शायद सलमान को लगा कि वह ‘कूल’ बन रहे हैं, लेकिन जेन जी के लिए ‘कूल’ की परिभाषा अलग है। और यह मैसेज बिल्कुल भी कूल नहीं था।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘बॉलीवुड पहले कभी इतना ‘अनकूल’ और इतना गैर-जरूरी नहीं लगा। कुछ सितारों ने ऐसे पोस्ट किए जैसे वो चैटजीपीटी से लिखवाए गए हों, और वो भी तब जब उन्हें कहीं से इशारा मिला।
जिन सितारों की फिल्में यंग इंडिया पर निर्भर करती हैं, वही अब मजाक का शिकार बन रहे हैं। हेमा मालिनी और अनुपम खेर जैसे सीनियर सितारों ने भी हालात को और बिगाड़ा, वहीं कंगना रनौत ने अपने बयानों से बचे-खुचे जेन जी फैंस भी खो दिए।’
उन्होंने जेन जी के बारे में कहा कि यह पीढ़ी किसी सेलिब्रिटी की मोहताज नहीं है। ‘जेन जी को किसी स्टार के सपोर्ट की जरूरत नहीं है, बल्कि अब सितारों को जेन जी की जरूरत है। यह एक ऐसी पीढ़ी है जो अपने तरीके से सोचती, बोलती और आगे बढ़ती है।’
