फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 मार्च 2026 कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र के मोहल्ला नाला मछरट्टा में पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे हुए संदिग्ध विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में कुल 6 लोग घायल हो गए, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार विस्फोट मकान के बेसमेंट में हुआ, जिससे घर का निचला हिस्सा और अंदर रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
घायलों में अविनाश उर्फ विक्की (38), अभिषेक उर्फ सिक्की (35), इशू चौरसिया (29), रामवीर यादव (60), रासु मिश्रा (35) और भैयालाल (40) शामिल हैं। इनमें से कुछ का इलाज फर्रुखाबाद के निजी अस्पतालों में चल रहा है, जबकि एक गंभीर घायल को कानपुर रेफर किया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बॉम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS), एटीएस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। एकत्रित नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोट घर के अंदर से ही हुआ है। खास बात यह है कि घर में मौजूद गैस सिलेंडर पूरी तरह सुरक्षित मिला, जिससे गैस रिसाव की संभावना से इनकार किया जा रहा है। वहीं, घटना के संबंध में स्थानीय पुलिस या डायल 112 को पहले कोई सूचना नहीं दी गई थी, जो जांच का अहम बिंदु बन गया है।
पुलिस ने बताया कि घायलों द्वारा जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा है। इस मामले में उपनिरीक्षक इमरान फरीद की तहरीर के आधार पर कोतवाली फर्रुखाबाद में मुकदमा संख्या 56/2026 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम 1932 के तहत दर्ज किया गया है।
फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है, जबकि पुलिस और जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
