फर्रुखाबाद में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत जिला स्तरीय क्विज व विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 फरवरी 2026 जनपद के राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत आज रखा बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के सभी विकास खंडों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आशुतोष कुमार द्विवेदी (जिलाधिकारी) तथा विशिष्ट अतिथि विनोद कुमार गौड़ (मुख्य विकास अधिकारी) सहित अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में अनुपम अवस्थी (प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) तथा विश्वनाथ प्रताप सिंह (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी) भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पीएम श्री विद्यालय मोहम्मदाबाद के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके पश्चात विज्ञान क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी बौद्धिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद रुद्र प्रताप ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।

विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिटी, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, कचरा प्रबंधन तथा सतत विकास जैसे विषयों पर नवाचारपूर्ण एवं उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, प्रस्तुतीकरण कौशल तथा व्यावहारिक समाधान की विशेष सराहना की। प्रतियोगिता में मानसी ने प्रथम, अनिकेत ने द्वितीय, हर्षिता ने तृतीय, रितिक ने चतुर्थ तथा धनंजय ने पंचम स्थान प्राप्त किया।

विजेताओं को टैबलेट, शैक्षिक बैग, पुस्तकें, विज्ञान किट तथा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भविष्य में इसरो सहित प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों के शैक्षिक भ्रमण पर भेजने की योजना भी साझा की गई।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान बच्चों में “क्यों, कैसे और क्या” की जिज्ञासा को बढ़ावा देता है और यही जिज्ञासा भविष्य के वैज्ञानिकों व नवप्रवर्तकों की नींव तैयार करती है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करते हैं और उन्हें नई तकनीकों तथा शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) जतिन रंजन मिश्रा, जिला समन्वयक (एमआईएस) जितेन्द्र सिंह, बालिका शिक्षा समन्वयक सुनील प्रताप सिंह सहित विभिन्न शिक्षकों एवं एआरपी का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के माध्यम से जनपद फर्रुखाबाद विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा।