बरेली:मंगेतर के साथ मंदिर से लौट रहे युगल के साथ बदमाशों ने की बदसलूकी व लूटपाट, ग्रामीणों ने दो बदमाशों को दबोच पुलिस को सौंपा।

बरेली/फरीदपुर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत साठा वाली नहर के पास सोमवार दोपहर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक युवक और उसकी मंगेतर के साथ सरेराह बदसलूकी, मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। शोर शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मढ़ी सुकटिया निवासी सत्यप्रकाश सोमवार दोपहर करीब 3:00 बजे अपनी मंगेतर के साथ पहलऊ मन्दिर गये थे। जहां से बाइक पर सवार होकर वे घर लौट रहे थे। जैसे ही वह साठा वाली नहर के पास पहुंचे, तभी एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक के आगे अपनी गाड़ी लगाकर उन्हें जबरन रोक लिया। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बाइक रुकते ही एक आरोपी ने उसकी मंगेतर का हाथ पकड़ लिया और बदनीयती से उसे सड़क किनारे खेत की तरफ खींचने लगा। जब सत्यप्रकाश ने इसका विरोध किया, तो दूसरे आरोपी ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान तीसरा आरोपी अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो बनाने लगा। पीड़ित को पीटते हुए बदमाशों ने उसकी जेब से 1000 रुपए और दो मोबाइल फोन लूट लिए। पीड़ित जोड़े के शोर मचाने पर आस-पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों को आता देख बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सत्यप्रकाश और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया। वहीं, उनका तीसरा साथी भागने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई, ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस के हवाले किए जाते समय भी दुस्साहसी बदमाश उन्हें जान से मारने की धमकी देते रहे। पीड़ित सत्यप्रकाश ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
वर्जन-
*घटना के दो आरोपी अरमान पुत्र परवेज व फहीम पुत्र आरिफ निवासी भूरे खां गौंटिया कस्बा फरीदपुर को हिरासत में ले लिया है। जिन्होंने फरार हुए साथी का नाम अनीस पुत्र चन्ने बताया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, फरार आरोपी की तलाश जारी है- सीओ संदीप कुमार सिंह*

Leave a Comment