औरैया:नगला बरहा में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई सम्राट अशोक जयंती

औरैया (ऐरवा कटरा ): क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर के मजरा नगला बरहा में विश्व विजेता शाक्यवंशी देवानामप्रिय चक्रवर्ती सम्राट अशोक मौर्य की जयंती धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने सम्राट अशोक के जीवन दर्शन और उनके जन कल्याणकारी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद अपनी जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामप्रकाश शाक्य ने कहा कि सम्राट अशोक न केवल एक महान योद्धा थे, बल्कि शांति और अहिंसा के अग्रदूत भी थे। उनके द्वारा स्थापित आदर्श आज भी संपूर्ण विश्व के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।
​बौद्ध आर्मी संगठन के रंजीत शाक्य, संजू शाक्य, अनूप शाक्य, सोनू शाक्य और अजीत शाक्य ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने तथागत बुद्ध, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा ज्योतिबा फुले के संघर्षों को याद करते हुए समाज को शिक्षित और संगठित होने का संदेश दिया।
​इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं और बच्चों ने महापुरुषों के जीवन प्रसंगों को सुना और उन्हें अपने जीवन में उतारने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने समाज में समरसता और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।