इंडिगो पर फूटा ‘एबीसीडी 2’ फेम एक्ट्रेस का गुस्सा, लॉरेन गॉटलिब क्या अचानक बोलीं

देश के प्रमुख एयरलाइन इंडिगो पर यात्रियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। तीन दिनों से जारी देरी, कैंसिलेशन और भारी भीड़ ने एयरपोर्ट को लड़ाई का मैदान बना दिया है। इसी बीच एक्ट्रेस और डांसर लॉरेन गॉटलिब ने भी इंडिगो पर जमकर भड़ास निकाली है। उनकी दुबई जाने वाली फ्लाइट अचानक रद्द होने के बाद उन्होंने कैमरों के सामने अपना अनुभव साझा किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। लॉरेन शुक्रवार को मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आईं जहां उन्हें पता चला कि उनकी दुबई की फ्लाइट रद्द कर दी गई है। अंदर की भीड़ और अव्यवस्था देखकर एक्ट्रेस बेहद परेशान दिखीं। उन्होंने मीडिया से कहा कि टर्मिनल के भीतर ऐसा लग रहा था जैसे कोई बड़ी आपदा आ गई हो- सैकड़ों लोग फंसे हुए, बोर्डिंग काउंटर पर हंगामा और किसी को यह पता नहीं कि आगे क्या होने वाला है। लॉरेन ने लोगों से अपील की कि मौजूदा हालात में इंडिगो की फ्लाइट न लें। उनके मुताबिक, हालात इतने खराब हैं कि यात्रियों को न सही जानकारी मिल रही है, न समाधान।