बीपीएल में हुआ दुखद हादसा, ढाका टीम के सहायक कोच का दिल का दौरा पड़ने से निधन

बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) के दौरान एक दुखद हादसा हो गया। ढाका कैपिटल्स के सहायक कोच महबूब अली जाकी का शनिवार को सिलहट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में राजशाही वॉरियर्स के खिलाफ बीपीएल के अपने उद्घाटन मैच से कुछ क्षण पहले मैदान पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। यह दुखद घटना मैच के निर्धारित समय से कुछ ही पहले घटी, जब टीम की तैयारियों के दौरान जाकी अचानक बीमार पड़ गए। वे मैदान पर गिर पड़े और वहां मौजूद चिकित्सा कर्मियों ने तुरंत उनकी सहायता की। उन्हें मैदान पर ही सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया गया, जिसके बाद उन्हें एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। ढाका कैपिटल्स ने एक आधिकारिक बयान में घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ढाका कैपिटल्स के सहायक कोच महबूब अली जाकी अभ्यास के दौरान बीमार पड़ गए और मैदान पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत सीपीआर दिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। जाकी को बाद में गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज जारी रखा। हालांकि, तमाम चिकित्सीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और भारतीय समयानुसार दोपहर 12.30 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।