फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24न्यूज) 09 सितंबर 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जनपद के गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के रखरखाव एवं भरण-पोषण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश की संख्या, चारा-पानी, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, छाया तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गौ आश्रय स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गोवंश के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए पशु चिकित्सकों द्वारा नियमित रूप से आश्रय स्थलों का भ्रमण किया जाए और बीमार गोवंश को तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, गोवंश को पोषण के लिए हरे चारे की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जलभराव न होने देने के निर्देश
जिलाधिकारी ने नवनिर्मित गौ आश्रय स्थलों में रंगाई-पुताई कराने के साथ सभी गौशालाओं में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि आश्रय स्थलों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। मौसम के अनुरूप गोवंश के लिए छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने के साथ सुरक्षा एवं देखभाल पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी
डीएम ने निरीक्षण के लिए नामित नोडल अधिकारियों को गौ आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने गोवंश के भरण-पोषण के लिए उपलब्ध धनराशि का नियमानुसार एवं समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि गौशालाओं में चारा, पानी, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जलनिकासी जैसी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
