बरेली/मीरगंज। तहसील क्षेत्र के ग्राम रईया नगला निवासी रहमत हुसैन ने जमीन की मेढ़ बंदी को लेकर उपजिलाधिकारी मीरगंज से शिकायत की है। उन्होंने विपक्षियों पर राजस्व टीम द्वारा लगाए गए पक्के तूदे उखाड़कर ले जाने, मेढ़ काटकर खेत में मिला लेने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पीड़ित ने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 24 के तहत अपनी कृषि भूमि गाटा संख्या 765, रकबा 1.680 हेक्टेयर की पक्की तूदा बंदी कराई थी। राजस्व निरीक्षक ने पुलिस बल और दोनों पक्षों की मौजूदगी में पक्के तूदे लगाकर भूमि की मेढ़ बंदी कराई थी।आरोप है कि इसके बाद नाजिश पुत्र इरशाद हुसैन, चुन्नी पुत्र सहात अली, मोहम्मद आजम उर्फ बल्लू पुत्र मुख्तियार हुसैन और नादिर पुत्र इरशाद हुसैन ने राजस्व टीम द्वारा लगाए गए पक्के तूदे उखाड़ लिए और उन्हें ले गए। आरोपियों ने मेढ़ काटकर जमीन अपने खेतों में मिला ली।रहमत हुसैन का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी झगड़े पर आमादा हो गए और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने एसडीएम से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही पुलिस की मौजूदगी में दोबारा मेढ़ बंदी और पक्के तूदे लगवाने की मांग की है।
बरेली:राजस्व टीम के लगाए पक्के तूदे उखाड़ने का आरोप, एसडीएम से शिकायत
