मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के जोराई निवासी 22 वर्षीय ट्रक क्लीनर सुभाष कुमार की रविवार रात गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सुभाष कुमार ट्रक चालक कुलदीप कुमार (26) के साथ ट्रक लेकर बेवर की ओर जा रहे थे। अधार गांव के पास ट्रक से बिजली की केबल टूट गई। चालक ने इस पर ध्यान नहीं दिया और ट्रक आगे बढ़ गया।
बताया गया कि करीब एक किलोमीटर दूर संतोष नगर स्थित ठेके के सामने कुछ लोगों ने ट्रक को रोक दिया। ट्रक रुकते ही बाइक सवार तीन लोगों ने चालक और क्लीनर से कहासुनी शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने दोनों को ट्रक से बाहर खींचने का प्रयास किया।
मामला बढ़ने पर आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली क्लीनर सुभाष कुमार को लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गोली ट्रक चालक के हाथ में लगी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी गणेश प्रसाद साहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना थाना एलाऊ क्षेत्र की बताई जा रही है, जो जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
मैनपुरी में ट्रक से तार टूटने पर ट्रक क्लीनर की गोली मारकर हत्या
