फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अगस्त 2026 ओबीसी की जाति आधारित जनगणना कराने तथा ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के माध्यम से राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित जनगणना में ओबीसी की जाति आधारित गणना का प्रावधान किया जाए। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जनगणना में ओबीसी का अलग से कॉलम नहीं होना पिछड़े वर्ग के लोगों के अधिकारों और उनकी वास्तविक जनसंख्या के आंकड़ों को प्रभावित करने वाला विषय है। उन्होंने इसे एक गंभीर साजिश बताते हुए ओबीसी की जाति आधारित गिनती को आवश्यक बताया।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव प्रक्रिया में ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर का इस्तेमाल किए जाने की मांग भी उठाई। संगठन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष मोहनलाल राजपूत के साथ राधेश्याम संत, अलबेला जी, धनीराम पाल एडवोकेट, रामनिवास कठेरिया, प्रताप सिंह यादव एडवोकेट, यदुनंदन लाल वर्मा, रामबाबू वर्मा सहित अन्य अधिवक्ता एवं संगठन से जुड़े लोग मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर दोनों प्रमुख मांगों के समर्थन में अपना पक्ष रखा और ज्ञापन को सफलतापूर्वक जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति महोदय तक पहुंचाया।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि ओबीसी की वास्तविक सामाजिक एवं जनसंख्यात्मक स्थिति सामने लाने के लिए जाति आधारित जनगणना जरूरी है। साथ ही चुनाव व्यवस्था में बैलेट पेपर की मांग को लेकर भी आगे आंदोलन को मजबूत करने की बात कही गई।
फर्रुखाबाद:ओबीसी की जाति आधारित जनगणना और बैलेट पेपर से चुनाव की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
