फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को संकेत राजकीय विद्यालय, फतेहगढ़ का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनके पाठ्यक्रम, विषयों से संबंधित ज्ञान तथा विद्यालय में उपलब्ध शैक्षिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षा उपलब्ध कराई जाए और प्रत्येक बच्चे की शैक्षिक प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने शिक्षण कार्य को रुचिकर और गतिविधि आधारित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चों में सीखने की क्षमता और विषयों के प्रति रुचि बढ़ेगी। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
बच्चों के साथ डीएम ने खेला क्रिकेट
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए उनके साथ क्रिकेट भी खेला। जिलाधिकारी को अपने बीच क्रिकेट खेलते देख बच्चों में खासा उत्साह नजर आया और उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान डीएम ने बच्चों के साथ सहज संवाद भी किया।
कंप्यूटर और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को कक्षा-कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंप्यूटर कक्ष में उपलब्ध कंप्यूटरों के सॉफ्टवेयर अपडेट कराने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा का बेहतर ज्ञान मिल सके।
उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा अध्ययनरत बच्चों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के राजकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारी और शिक्षक पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
