फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जुलाई 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वसूली शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी संबंधित अधिकारी नियमित प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए बकायेदारों से प्रभावी वसूली सुनिश्चित करें और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा प्रतिदिन वसूली की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में वाणिज्य कर, स्टाम्प एवं पंजीयन, आबकारी, परिवहन, विद्युत, खनन, मंडी समिति सहित अन्य राजस्व अर्जित करने वाले विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिन विभागों की वसूली अपेक्षाकृत कम पाई गई, उन्हें विशेष अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने जनपद में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रवर्तन अभियान तेज करने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा वसूली कार्य की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से संतोषजनक फीडबैक भी अवश्य प्राप्त किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, सभी उपजिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा राजस्व वसूली से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
