फर्रुखाबाद:एएसपी गिरीश कुमार सिंह ने थाना शमसाबाद का किया औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जुलाई 2026 जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने थाना शमसाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीएनएस कार्यालय, विवेचना कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, भोजनालय, शस्त्रागार तथा थाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच कर उनके रखरखाव की स्थिति का भी अवलोकन किया।

एएसपी ने थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, जन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा लंबित विवेचनाओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि थाना स्तर पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहें और जनता को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Leave a Comment