फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2026 राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के निर्देश पर शुकुरुल्लापुर पुल पर एक्सपेंशन जॉइंट्स (Expansion Joints) के प्रतिस्थापन एवं मरम्मत कार्य के चलते 9 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान पुल से किसी भी प्रकार का यातायात संचालित नहीं किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार मरम्मत कार्य GAWAR Construction Limited द्वारा कराया जाएगा। पुल बंद रहने के कारण आमजन और वाहन चालकों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले अपने मार्ग की योजना बना लें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, जिससे अनावश्यक परेशानी और समय की बर्बादी से बचा जा सके।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों पर यातायात पुलिस एवं स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस अधिकारी वाहन चालकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से वैकल्पिक मार्गों से गंतव्य तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
माल वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था
कायमगंज एवं शमसाबाद से फर्रुखाबाद आने वाले मालवाहन (ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर, लोडर आदि) को हजियापुर तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा।
फर्रुखाबाद से कायमगंज एवं शमसाबाद जाने वाले मालवाहनों को हथियापुर तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें, अनधिकृत मार्गों का उपयोग न करें तथा निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पूरी तरह अनुपालन करें।
प्रशासन का कहना है कि जनसहयोग से ही यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखा जा सकता है। नागरिकों से संयम और धैर्य बनाए रखते हुए सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि मरम्मत कार्य सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।
