बोकारो स्थित अर्जक संघ कार्यालय में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

उपेन्द्र पथिक द्वारा

बोकारो, 15 अगस्त । सेक्टर 8 बी स्थित अर्जक संघ बोकारो जिला कार्यालय में आज हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में अर्जक संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन माननीय डीडी राम जी ने किया। इसके पूर्व जिला मंत्री माननीय सुरेश बैठा ने ध्वजारोहण किया, सामूहिक रूप से राष्ट्रगान हुआ। जिला अध्यक्ष माननीय उषा सिंह ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया।
इस अवसर पर जिला मंत्री सुरेश बैठा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों का नमन किया। उन्होंने कहा कि हम अंग्रेजों की गुलामी से तो आजाद हो गए, लेकिन समाज ब्राह्मणवाद से आजाद नहीं हो सका। समाज में पुनर्जन्म , जातिवाद, अंधविश्वास, पाखंड और मानसिक गुलामी से पूरी तरह मुक्त नहीं हुआ है। शोषण और अत्याचार आज भी जारी है। अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखते हुए हमें स्वतंत्रता सेनानियों के अधूरे सपनों को पूरा करने का प्रयास करना होगा।
जिला अध्यक्ष उषा सिंह ने कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल नारे लगाने में नहीं, बल्कि हर नागरिक का सम्मान करने, कमजोर और वंचितों के अधिकार के लिए खड़े होने तथा समाज को बेहतर बनाने में योगदान देने में है। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा भारत बनाना है जहाँ इंसान की पहचान जाति से नहीं, इंसानियत से हो; बेटियों और बेटों को समान अवसर मिले तथा तर्क, विज्ञान, न्याय, समानता और बंधुता को सम्मान मिले।
उन्होंने सभी से एक समान, जागरूक, वैज्ञानिक एवं मानवतावादी भारत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में माननीय यमुनाराम, महेंद्र प्रसाद, मुक्तेश्वर कुमार, मनोज कुमार महतो, रामवती अर्जक, नीरज कुमार, मालती कुमारी, डी०डी० राम,जी० सी० राम, बंधु प्रसाद रजक, रामस्वरूप दास, अजय कुमार, मथुरा प्रसाद कुशवाहा, सुरेश रजक, फूल कुमारी, रविंद्र कुमार, सोनम कुमारी,ओम प्रकाश, गुलाबचंद दास सहित अनेक अर्जक उपस्थित रहे।
स्मरणीय है कि अर्जक संघ स्वतंत्रता दिवस को त्यौहार के रूप में मनाता आ रहा है।

Leave a Comment