फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले बुधवार को कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ परिसर में किसानों ने अपनी 20 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया। धरने में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
धरना शुरू होने के बाद नगर मजिस्ट्रेट पारूल तरार के साथ प्रथम चरण की वार्ता करीब तीन घंटे तक चली। इस दौरान किसानों की 20 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने कई मांगों का तत्काल समाधान कराया, जबकि शेष समस्याओं के निस्तारण के लिए समय मांगा।
प्रारंभिक वार्ता के बाद भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। उन्होंने किसानों से कहा कि जिन किसानों के घर पर आवश्यक कार्य हैं वे वापस जा सकते हैं, जबकि अन्य किसान ब्लॉकवार धरना स्थल पर रात्रि विश्राम करेंगे। किसानों ने एकजुट होकर धरना जारी रखने की सहमति जताई और देर शाम तक एसडीएम सदर कार्यालय के बरामदे में डटे रहे।
बाद में प्रशासन और किसान नेताओं के बीच दोबारा वार्ता हुई। नगर मजिस्ट्रेट पारूल तरार ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। प्रशासन के अनुसार करीब 90 प्रतिशत मांगों पर सहमति बन गई, जबकि शेष 10 प्रतिशत समस्याओं का निस्तारण दो दिनों के भीतर कराने का आश्वासन दिया गया।
प्रशासन के इस आश्वासन के बाद भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने किसानों की सहमति से रात्रि 9 बजे धरना प्रदर्शन को स्थगित करने की घोषणा की।
धरने में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल के पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद शाक्य, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, जिला सचिव पुजारी कटियार, सुग्रीव पाल, बिजनेश यादव, दिनेश सिंह, अनीस सिंह, सोनू सोमवंशी, रामप्रकाश पाल, टिंकू यादव, सतीश कठेरिया, अंकेश गंगवार, प्रदीप यादव, शिवराम शाक्य, बड़े यादव, अजीत सोमवंशी, रामनरेश लेखपाल, अर्पित गंगवार, अशोक शाक्य (प्रधान) सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
