फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। वाराणसी से आयोजित मुख्यमंत्री के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण फर्रुखाबाद में किया गया, जहां शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री (महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार) प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि रहीं। उनके साथ अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि तथा भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा भी मौजूद रहे।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
योजना के तहत बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन तथा पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक एवं उनके आश्रित परिवारों को लाभ मिलेगा। प्रत्येक शिक्षक को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का पूरा प्रीमियम राज्य सरकार वहन करेगी तथा सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में लगभग 1900 उपचार पैकेजों का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से विभिन्न मदों की धनराशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी गई। अधिकारियों ने बताया कि डीबीटी प्रणाली से सहायता राशि पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लाभार्थियों तक पहुंच रही है।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न सुरक्षा बीमा योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, पर्सनल एक्सीडेंट कवर, एयर एक्सीडेंट बीमा, स्थायी एवं आंशिक दिव्यांगता सहायता के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा और पुत्रियों के विवाह के लिए विशेष सहायता प्रावधान शामिल हैं।
कार्यक्रम का संचालन बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बैंक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
