फर्रुखाबाद:भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने फर्रुखाबाद–संकिसा नई बस सेवा का किया शुभारंभ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2026 भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने बुधवार को मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन बस सेवा के अंतर्गत फर्रुखाबाद बस स्टैंड से फर्रुखाबाद–मोहम्मदाबाद–नीमकरोरी होते हुए विश्व प्रसिद्ध बौद्ध पर्यटन स्थल संकिसा बसंतपुर तक संचालित होने वाली नई बस सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि नई बस सेवा से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध होगा। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह बस सेवा विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों नीम करौरी और संकिसा तक पहुंच को और अधिक आसान बनाएगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन बस सेवा ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे आमजन को कम लागत में बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को बल मिलेगा।

नई बस सेवा के शुभारंभ के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, परिवहन विभाग के अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। लोगों ने नई बस सेवा शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Comment