फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2026 जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को गंगा पार महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में आयोजित एनडीआरएफ (NDRF) के आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ की टीम ने विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। टीम ने रक्तस्राव रोकने, स्प्लिंटिंग, सीपीआर, श्वासनली अवरोध से बचाव, आपातकालीन निकासी, बाढ़ के दौरान उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी उपकरण तैयार करने तथा प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इससे विद्यार्थियों ने आपदा की स्थिति में स्वयं एवं दूसरों की सहायता करने के महत्वपूर्ण कौशल सीखे।
बैठक में जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए सिंचाई, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर पंचायत तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील तटबंधों और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने, नावों, मोटरबोट, गोताखोरों एवं अन्य बचाव संसाधनों को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में समय पर राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जहां आवागमन बाधित होने की संभावना है, वहां वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं ताकि जरूरत पड़ने पर राहत कार्यों में कोई बाधा न आए। साथ ही आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन के नियंत्रण कक्ष या संबंधित अधिकारियों को दें।
इसके बाद जिलाधिकारी ने गंगा और रामगंगा नदी के किनारे स्थित बाढ़ संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अमृतपुर तहसील के ग्राम अलहारपुर भटौली, कड़क्का बंदी तथा पांचाल घाट में एनडीआरएफ की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि आपात स्थिति में 8 से 10 प्रशिक्षित कार्मिक लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आसपास तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया जा सके। मौके पर एनडीआरएफ की टीम ने मॉक ड्रिल का प्रदर्शन कर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन भी किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी अमृतपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
