फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जुलाई 2026 राजकीय कृषि रक्षा इकाई, बढ़पुर में मंगलवार को “विभिन्न पारिस्थितिकीय संसाधनों द्वारा कीट एवं रोग नियंत्रण” विषय पर योजनागत एक दिवसीय तकनीकी कर्मचारी एवं कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन तथा आधुनिक खेती की वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अभय सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक कटियार, निदेशक, आलू विकास विपणन संघ, फर्रुखाबाद ने प्रतिभाग किया। विषय विशेषज्ञ ज्ञानेंद्र सिंह (सेवानिवृत्त एस.टी.ए.बी.) ने किसानों एवं तकनीकी कर्मचारियों को फसलों में कीट एवं रोग नियंत्रण के लिए पारिस्थितिकीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग, समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम) तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकास खंड बढ़पुर के समस्त कृषि विभाग के कर्मचारी एवं प्रभारी सहित कृषि रक्षा इकाई का स्टाफ मौजूद रहा। इस दौरान किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से श्री अन्न (मोटे अनाज) के बीज किट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में संजय कटियार, अवधेश सिंह, सोनू, कृपाल सिंह सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। वक्ताओं ने किसानों से रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता कम करते हुए पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया, जिससे उत्पादन लागत घटे और फसलों की गुणवत्ता एवं उपज में वृद्धि हो सके।
