फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री (महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार) प्रतिभा शुक्ला 08 जुलाई 2026 को जनपद फर्रुखाबाद में आयोजित ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे जे.जे.आर. पैलेस, पुलिस लाइन, फतेहगढ़ में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगी तथा शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा एवं शिक्षक कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों पर अपने विचार रखेंगी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य तथा बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहेंगे।
‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के तहत शिक्षकों और उनके पात्र आश्रितों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार की इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, उपचार के दौरान आर्थिक बोझ कम करना तथा उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा प्रदान करना है।
जनपद प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यह योजना प्रदेश के शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
