मैनपुरी:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जून 2026 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के संबंध में सोशल मीडिया पर की जा रही कथित अभद्र एवं अनर्गल टिप्पणियों को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में पार्टी पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अखिलेश यादव की पुत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक, असत्य एवं अभद्र टिप्पणियां पोस्ट और शेयर की जा रही हैं। सपा नेताओं का आरोप है कि यह कृत्य सुनियोजित तरीके से उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की पोस्ट न केवल व्यक्तिगत मानहानि का प्रयास हैं, बल्कि इससे सामाजिक समरसता और सौहार्द भी प्रभावित हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शरारती और असामाजिक तत्व जानबूझकर ऐसे आपत्तिजनक कंटेंट का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, जिससे समाज में तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक पोस्टों को तत्काल हटवाया जाए तथा उन्हें पोस्ट और शेयर करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव रामनरायन बाथम तथा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आलोक कुमार शाक्य सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
सपा नेताओं ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाने की मांग की है।
