फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 जून 2026 मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत एवं वितरित ऋणों तथा विभिन्न स्तरों पर लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों को आवंटित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रत्येक माह शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य अधिकाधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है, इसलिए लक्ष्य प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में बैंक समन्वयकों को निर्देशित किया गया कि निरस्त किए गए ऋण आवेदनों की पुनः समीक्षा कर पात्र युवाओं को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि तकनीकी या प्रक्रियागत कमियों के कारण कोई भी पात्र आवेदक योजना के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही ऋण आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने शिक्षित एवं इच्छुक युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, परामर्श और सहयोग की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को उद्यम स्थापना और स्वरोजगार से जोड़ना योजना की प्राथमिकता है।
समीक्षा के दौरान बैंक शाखाओं में लंबित मामलों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा की प्रगति अपेक्षाकृत संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही इन बैंकों की कमजोर प्रगति के मद्देनजर सरकारी खातों को बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंकों में स्थानांतरित करने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है। उन्होंने सभी विभागों और बैंकों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा नियमित अनुश्रवण एवं समीक्षा के माध्यम से प्रगति में सुधार लाने का आह्वान किया।
बैठक में उपायुक्त उद्योग, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला बैंक समन्वयक, विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
