इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) टेस्ट क्रिकेट टीम के लिए एक नए कप्तान की तलाश कर रही है. बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद टेस्ट टीम में कप्तान की जगह खाली है. कई पूर्व क्रिकेटर्स और क्रिकेट एक्सपर्ट ऐसा मान रहे थे कि वनडे और टी20 कप्तान हैरी ब्रूक ही अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कमान संभालेंगे, लेकिन इस बीच एक हैरान करने वाली रिपोर्ट सामने आई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, ईसीबी एक बार फिर से टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को इंग्लैंड टेस्ट टीम का कप्तान बना सकती है. रूट के 2022 में टेस्ट टीम की कमान छोड़ने के बाद ही बेन स्टोक्स को कप्तान बनाया गया था. अब एक बार फिर से जो रूट को टेस्ट टीम की कमान सौंपी जाएगी.
जो रूट को अगले महिला पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया जा सकता है. द एथलेटिक के मुताबिक, रूट के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज 2027 तक कप्तान बने रहने की संभावना है. रूट ने स्टोक्स की गैरमौजूगी में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड की कप्तानी की थी. जो रूट 2017 से 2022 तक इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान रहे. उनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने 64 टेस्ट मैचों में से 27 टेस्ट मैच जीते.
ईसीबी के इस कदम से मौजूदा टेस्ट उपकप्तान हैरी ब्रूक को तीनों फॉर्मेट की जिम्मेदारी लेने के बजाय इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीमों पर बतौर कप्तान फोकस करने का मौका मिलेगा. ईसीबी पहले ही ब्रूक को वनडे और टी20 का कप्तान और टेस्ट का उपकप्तान बना चुकी है।
ईसीबी टेस्ट फॉर्मेट के कप्तान के साथ ही हेड कोच के पद के लिए भी योग्य व्यक्ति के तलाश में है. इंग्लैंड टेस्ट टीम के हेड कोच का पद ब्रेंडन मैकुलम के इस्तीफे के बाद से खाली है.
