फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अप्रैल 2026 पांचालघाट स्थित पक्के घाट पर रविवार को एक महिला द्वारा गंगा नदी में छलांग लगाने की घटना सामने आई, जहां पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और महिला की जान बचा ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11:40 बजे पीआरबी 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक महिला ने गंगा नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए गोताखोर तुरंत नदी में कूदे और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पूछताछ के दौरान महिला, जो कि थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के कुड्याबूट की निवासी है, ने बताया कि वह लंबे समय से ननद और देवर के साथ चल रहे घरेलू विवाद और गृह कलह से मानसिक रूप से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला को सांत्वना दी और उसका मनोबल बढ़ाया। साथ ही उसके पुत्र को फोन कर मौके पर बुलाया गया। आवश्यक काउंसलिंग के बाद महिला को उसके पुत्र के सुपुर्द कर सुरक्षित घर भेज दिया गया।
पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से एक अनमोल जीवन बच गया, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
