फर्रुखाबाद: अक्षय तृतीया पर पांचाल घाट में स्वच्छता अभियान, गंगा आरती व दीपदान का भव्य आयोजन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अप्रैल 2026 अक्षय तृतीया एवं भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर मां गंगा सेवा समिति द्वारा पांचाल घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान घाट क्षेत्र में साफ-सफाई कर लोगों को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत श्रद्धालुओं ने विधिवत गंगा आरती की और दीपदान कर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था का भाव देखने को मिला।

समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अनुरोध किया कि पूजा सामग्री, कांच या टूटी-फूटी मूर्तियां गंगा में प्रवाहित न करें, बल्कि उन्हें उचित तरीके से गड्ढा खोदकर भूमि में विसर्जित करें, ताकि नदी प्रदूषित न हो।

समिति के महामंत्री आशीष मिश्रा सहित हरिमोहन, राजेंद्र, किशन, सोनू मिश्रा, राहुल राठौर, नीतू मिश्रा, श्याम बाबू, मनु अग्निहोत्री, गोपाल दुबे, आलोक चतुर्वेदी और संतोष बाथम सहित अन्य सदस्य इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

अंत में सभी श्रद्धालुओं ने मां गंगा से देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए “जय हिंद, जय भारत” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।